सीवान हिंसा की जांच तेज, घटनास्थलों पर पहुंचे दरभंगा डीआईजी
सीवान, 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान शहर में हुई गोलीबारी
और हिंसा की घटना की जांच के सिलसिले में मंगलवार को दरभंगा प्रक्षेत्र के
डीआईजी मनोज कुमार तिवारी सीवान पहुंचे। उन्होंने जेपी चौक, गांधी मैदान,
अस्पताल मोड़ सहित अन्य घटनास्थलों का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की
जानकारी ली। इस दौरान पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा समेत जिले के कई वरीय
पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
डीआईजी ने घटनास्थलों पर पुलिस की तैनाती,
पथराव और गोलीबारी की परिस्थितियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से
घटना के क्रम, पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई तथा उसके बाद उठाए गए कदमों की
विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान घटनास्थल पर तैनात पुलिस
पदाधिकारियों से भी पूछताछ की गई।
इसके बाद डीआईजी ने घटना से जुड़े
वीडियो फुटेज, सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग, ड्रोन फुटेज और अन्य उपलब्ध
साक्ष्यों की समीक्षा की। उन्होंने जांच टीम को निर्देश दिया कि सभी
साक्ष्यों का सूक्ष्मता से परीक्षण किया जाए, ताकि किसी भी निर्दोष व्यक्ति
के साथ अन्याय न हो और दोषियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जा
सके।
25 जुलाई को आइसा, आरवाईए तथा अन्य छात्र संगठनों के आह्वान
पर आयोजित बिहार बंद के दौरान जेपी चौक, गांधी मैदान और अस्पताल मोड़ पर
प्रदर्शनकारियों एवं पुलिस के बीच झड़प और पथराव हुआ था। इसी दौरान हुई
गोलीबारी में तीन युवक घायल हो गए थे। मामले में एसआईटी के जवान अभिषेक
पटेल को निलंबित किया जा चुका है तथा विभागीय जांच जारी है। घटना के बाद
पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल कई आरोपितों को गिरफ्तार किया है और जिले में
शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को लगातार सतर्क रहने का
निर्देश दिया गया है।
इस बीच डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने पत्रकारों
से बातचीत में कहा कि वह निजी कार्य से सीवान आए हैं। हालांकि, उनके दौरे
को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।










