पटना (PATNA): भागलपुर शहर के घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने भागलपुर के विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर सर्वे का काम शुरू कर दिया है।


सर्वे का मुख्य उद्देश्य 

इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य पाइप से गैस सप्लाई को लेकर आम जनता की रुचि जानना और उनका फीडबैक इकट्ठा करना है। सर्वे के दौरान आईओसीएल के अधिकारी और टीम सीधे निवासियों से संपर्क कर रहे हैं। इस दौरान मुख्य रूप से क्या स्थानीय निवासी अपने घरों में पारंपरिक सिलेंडर के बजाय पाइप्ड गैस अपनाने के लिए तैयार हैं। क्षेत्र के हिसाब से संभावित उपभोक्ताओं की कुल संख्या कितनी है और वहां गैस की दैनिक मांग कितनी हो सकती है, इसका सटीक डेटा तैयार किया जा रहा है आदि जानकारी एकत्रित की जा रही है।

ढांचा तैयार करने से पहले सर्वे करना एक अनिवार्य और तकनीकी शर्त

कंपनी के अनुसार, किसी भी नए क्षेत्र में गैस पाइपलाइन का बुनियादी ढांचा तैयार करने से पहले सर्वे करना एक अनिवार्य और तकनीकी शर्त है। पाइपलाइन बिछाने में भारी निवेश और समय लगता है, इसलिए काम शुरू करने से पहले उस विशिष्ट इलाके में संभावित यूजर्स की संख्या और गैस की वास्तविक मांग का सही अनुमान लगाना बेहद जरूरी होता है।

आईओसीएल की टीम एकत्रित किए गए सभी डेटा का गहन विश्लेषण करेगी

सर्वे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आईओसीएल की टीम एकत्रित किए गए सभी डेटा का गहन विश्लेषण करेगी। आईओसीएल के भौगोलिक क्षेत्र प्रभारी विकास टोला ने सर्वे चलने की पुष्टि करते हुए बताया कि इस सर्वे के नतीजे बेहद महत्वपूर्ण होंगे। भागलपुर के किन इलाकों में और कब गैस पाइपलाइन बिछाई जाएगी, इसका अंतिम फैसला पूरी तरह से इस सर्वे से प्राप्त रिपोर्ट और फीडबैक के आधार पर ही लिया जाएगा।