हिल व्यू से मोरहाबादी पहुंचा रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर हिल व्यू अस्पताल से मोरहाबादी स्थित आवास पहुंच गया है। बुधवार रात निधन के बाद देर रात उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मोरहाबादी स्थित आवास लाया गया। रूपी सोरेन के निधन की खबर से सोरेन परिवार, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है। मोरहाबादी स्थित आवास पर परिवार के सदस्यों, राजनीतिक नेताओं और शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। लोग अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर मोरहाबादी स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। सुबह तक बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, बेरमो विधायक अनूप सिंह और पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता समेत कई नेताओं ने पहुंचकर अंतिम दर्शन किए। मोरहाबादी आवास पर इस समय गमगीन माहौल है। परिवार के करीबी लोगों और समर्थकों की मौजूदगी के बीच रूपी सोरेन को अंतिम विदाई देने की तैयारियां चल रही हैं। मोरहाबादी में अंतिम दर्शन के बाद रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव नेमरा ले जाया जाएगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गुरुवार को नेमरा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रशासन की ओर से भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए तैयारियां की गई हैं। रिपोर्टों के अनुसार, पार्थिव शरीर को करीब 11 बजे नेमरा पहुंचाए जाने की तैयारी है। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। रूपी सोरेन लंबे समय से अस्वस्थ थीं। सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकों की टीम ने उन्हें बचाने के लिए उपचार के प्रयास किए, लेकिन देर शाम उनका निधन हो गया। उनके निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भावुक संदेश साझा करते हुए अपनी मां को याद किया। उन्होंने लिखा कि पिता के निधन के बाद मां उनकी सबसे बड़ी छांव थीं और अब वह छांव भी प्रकृति की गोद में समा गई। रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार को एक वर्ष से कुछ अधिक समय के भीतर दूसरा बड़ा व्यक्तिगत आघात लगा है। उनके पति और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता शिबू सोरेन का भी अगस्त 2025 में निधन हुआ था। अब रूपी सोरेन के निधन से परिवार और उनके समर्थकों में गहरा शोक है। मोरहाबादी से अब रूपी सोरेन की अंतिम यात्रा उनके पैतृक गांव नेमरा के लिए रवाना होगी, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।मोरहाबादी आवास पर अंतिम दर्शन
नेमरा में होगा अंतिम संस्कार
लंबे समय से चल रहा था इलाज
शोक में डूबा सोरेन परिवार














