नीतीश कुमार के प्रामाणिक वीडियो संदेश को एआई से निर्मित एवं फर्जी बताने के मामले में प्रशांत किशोर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
पटना, जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के मुख्य प्रवक्ता एवं बिहार विधान परिषद
सदस्य नीरज कुमार ने बुधवार काे शास्त्रीनगर थाना, पटना पहुंचकर जन सुराज
पार्टी के नेता प्रशांत किशोर के विरुद्ध लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी
दर्ज करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर जदयू के प्रदेश प्रवक्ता शंभु नाथ
सिन्हा, चंदन सिंह एवं संतोष तिवारी भी उपस्थित रहे। यह प्राथमिकी प्रशांत
किशाेर पर नीतीश कुमार के प्रामाणिक वीडियो संदेश को एआई से निर्मित एवं
फर्जी बताने के मामले के विरुद्ध की गयी है।
नीरज कुमार ने कहा कि
लोकतंत्र में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा स्वस्थ एवं तथ्यों पर आधारित होनी
चाहिए, लेकिन चुनावी लाभ के लिए झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार फैलाना
लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि जदयू के राष्ट्रीय
अध्यक्ष एवं एनडीए के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार ने स्वयं बांकीपुर विधानसभा
उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में वीडियो
संदेश जारी कर मतदाताओं से कमल छाप पर मतदान करने की अपील की थी। इसके
बावजूद प्रशांत किशोर द्वारा उस प्रामाणिक वीडियो को एआई से निर्मित एवं
फर्जी बताना न केवल भ्रामक है, बल्कि नीतीश कुमार की विश्वसनीयता एवं
व्यक्तिगत गरिमा पर भी सीधा आघात है।
उन्होंने कहा कि बिना किसी
तथ्य या प्रमाण के सार्वजनिक रूप से यह कहना कि वीडियो एआई से बनाया गया
है, नीतीश कुमार ने ऐसा कोई संदेश नहीं दिया तथा भाजपा ने फर्जी वीडियो
जारी किया है, अत्यंत गंभीर आरोप हैं। यदि प्रशांत किशोर के पास अपने
आरोपों के समर्थन में कोई साक्ष्य है तो वे उसे जांच एजेंसियों के समक्ष
प्रस्तुत करें। अन्यथा इस प्रकार का झूठा प्रचार मतदाताओं को भ्रमित करने
और चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास है।
नीरज कुमार
ने कहा कि कुछ विपक्षी नेता लगातार नीतीश कुमार के व्यक्तित्व एवं
विश्वसनीयता पर अनर्गल और निराधार टिप्पणियां कर रहे हैं, जिसे जदयू कतई
स्वीकार नहीं करेगा। लोकतांत्रिक विमर्श में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं,
लेकिन किसी वरिष्ठ जननेता के नाम पर झूठा और भ्रामक प्रचार करना उचित नहीं
है।
अंत में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 30 जुलाई को
बांकीपुर की जनता झूठ और दुष्प्रचार का लोकतांत्रिक जवाब देगी तथा एनडीए
प्रत्याशी श्री नीरज कुमार सिन्हा को कमल छाप पर बटन दबा कर भारी मतों से
विजयी बनाएगी।










