भूमिहीन परिवारों के समर्थन में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, जमीन और प्लास्टिक शीट देने की मांग
सुपौल, जिले में भूमिहीन परिवारों के समर्थन में सोमवार को युवा कांग्रेस द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया।
बिहार
प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में
सैकड़ों भूमिहीन परिवारों ने सुपौल अंचल कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते
हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान अंचलाधिकारी को
ज्ञापन सौंपकर रेलवे लाइन किनारे बसे बेघर परिवारों के पुनर्वास की मांग की
गई।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सुपौल जिले की एकमा पंचायत में
रेलवे लाइन किनारे वर्षों से रह रहे कई भूमिहीन परिवारों को हाल ही में रेल
प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर वहां से हटा दिया गया। इसके बाद दर्जनों
परिवार बेघर हो गए हैं। लगातार आंधी, बारिश और खराब मौसम के कारण इन
परिवारों की स्थिति और दयनीय हो गई है। कई परिवार छोटे-छोटे बच्चों के साथ
खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
युवा कांग्रेस नेता लक्ष्मण
कुमार झा ने कहा कि प्रभावित परिवारों के पास न रहने की जगह बची है और न ही
कोई सुरक्षित आश्रय। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि सभी
भूमिहीन परिवारों को अविलंब सरकारी जमीन का पर्चा उपलब्ध कराया जाए, ताकि
वे स्थायी रूप से बस सकें। साथ ही आपदा विभाग की ओर से अस्थायी राहत के तौर
पर प्लास्टिक शीट उपलब्ध कराने की भी मांग की गई, जिससे परिवार बारिश और
खराब मौसम से बच सकें।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही भूमिहीन
परिवारों के पुनर्वास और रहने की व्यवस्था नहीं की गई तो युवा कांग्रेस
चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ एकमा पंचायत ही नहीं
बल्कि सदर प्रखंड मुख्यालय के मोहिनिया गांव समेत जिले के कई इलाकों में
बड़ी संख्या में भूमिहीन परिवार बदहाल स्थिति में जीवन यापन कर रहे हैं।
ऐसे सभी परिवारों के लिए सरकार को जमीन चिन्हित कर पर्चा उपलब्ध कराना
चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रशासन से जल्द कार्रवाई की
मांग की। इस मौके पर लट्ठन महतो, मिश्रीलाल महतो, सुरेंद्र कुमार, छोटू
कुमार शेखावत, तापी, अनिल पासवान, अरुण पासवान, पवन कुमार, मोहम्मद इस्लाम,
गीता देवी, सुलेखा देवी, आशा देवी, मंजू देवी, सुखनी देवी, रूपेश पासवान,
पप्पू चौधरी सहित कई लोग मौजूद थे।












.jpeg)


