24 घंटे के भीतर लूटकांड का खुलासा, शिक्षक से लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
अररिया पटना के कंकड़बाग स्थित केंद्रीय विद्यालय में पदस्थापित
शिक्षक सुशांत शर्मा से लूट के मामले का फारबिसगंज पुलिस ने महज 24 घंटे के
भीतर खुलासा कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को
गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
घटना मंगलवार की अहले सुबह करीब सवा तीन बजे की है।
हाई
स्कूल रोड निवासी शिक्षक सुशांत शर्मा पिता निगम शर्मा पटना जाने के लिए
रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रास्ते में पानी टंकी के समीप एक बदमाश ने नकली
पिस्तौल दिखाकर उन्हें रोक लिया और दो मोबाइल फोन और आठ सौ रूपये लूट लिए।
शिक्षक
ने साहस दिखाते हुए बदमाश से भिड़ंत की तो उन्होंने उसके हाथ से पिस्तौल
छीन ली। इसके बाद बदमाश ने चाकू दिखाकर धमकाया, लेकिन शिक्षक के शोर मचाने
पर वह मौके से फरार हो गया। बाद में पता चला कि बदमाश के पास मौजूद पिस्तौल
नकली थी।
घटना के बाद शिक्षक के आवेदन पर फारबिसगंज थाना में कांड
संख्या 483/26, दिनांक 28.07.2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में प्राथमिकी
दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राज
किशोर प्रसाद के निर्देशन में थानाध्यक्ष मनोज कुमार, दरोगा अमित राज तथा
आशुतोष मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने
घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्यों
और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पोखर बस्ती के मो.
आजाद पिता मो. सिराज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से
शिक्षक से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए।
डीएसपी राज
किशोर प्रसाद ने बताया कि घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और वैज्ञानिक
अनुसंधान एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 24 घंटे के भीतर आरोपी तक
पहुंचने में सफलता मिली। वहीं थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि अपराधियों
के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा
नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
वहीं शिक्षक सुशांत शर्मा के साहस और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की शहर में
व्यापक सराहना हो रही है।










