आठ बोतल विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
नवादा, जिले
के रजौली बाईपास चौक पर शनिवार को फल दुकान की आड़ में कथित रूप से शराब
बेच रहे एक युवक को उत्पाद विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। तलाशी
के दौरान उसकी बाइक की डिक्की से आठ बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। शराब
कारोबार में इस्तेमाल की जा रही हीरो ग्लैमर बाइक को भी उत्पाद विभाग ने
जब्त कर लिया है।
उत्पाद निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि
उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा के निर्देश पर झारखंड सीमा से सटे इलाकों में
शराबबंदी को लेकर लगातार सघन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
पिछले कुछ दिनों से बाईपास चौक स्थित एक फल दुकानदार द्वारा शराब की बिक्री
किए जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने छापेमारी
की योजना बनाई।
छापेमारी के दौरान महसई मोहल्ला निवासी लक्ष्मण माली
के पुत्र शिव शंकर कुमार उर्फ शंकर मालाकार को पकड़ लिया गया। उसकी बाइक
संख्या बीआर-27डब्ल्यू-9579 की तलाशी लेने पर डिक्की से आठ बोतल विदेशी
शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने फल बेचने के साथ शराब बेचने की बात
स्वीकार की। उत्पाद विभाग के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी शराब तस्करी के
मामले में जेल जा चुका है।
उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि
जब्त शराब और बाइक के संबंध में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की
संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी का मेडिकल
जांच कराने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।














