सीवान, जिले में फरार और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ सीवान पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा के निर्देश पर जिले के पांच वांछित और कुख्यात अपराधियों पर कुल 85 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

पुलिस का कहना है कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और आम लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है। एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

इसी क्रम में विभिन्न गंभीर आपराधिक मामलों में फरार चल रहे पांच अपराधियों पर पुरस्कार राशि घोषित की गई है। इन अपराधियों में हत्या, हत्या के प्रयास, फायरिंग, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन मामलों के आरोपी शामिल हैं। सबसे अधिक 30 हजार रुपये का इनाम सिसवन थाना क्षेत्र के भदौर निवासी प्रिंस भारती पर घोषित किया गया है। 


वह हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में वांछित है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ सिसवन और हुसैनगंज थाने में कई आपराधिक कांड दर्ज हैं।

दूसरे स्थान पर सिसवन थाना क्षेत्र के गुदरी हाता निवासी निखिल कुमार यादव पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। वह जीरादेई थाना कांड संख्या 71/26 में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहा है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहन गोपाल निवासी सोनू कुमार उर्फ कृष्णा राज पर 15 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। उसके खिलाफ हत्या, शराब तस्करी और अन्य गंभीर मामलों के कई कांड दर्ज हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह लगातार कानून से बचता रहा है। असांव थाना क्षेत्र के पचबेनिया निवासी रिंकू पांडेय उर्फ रत्नेश कुमार पांडेय पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। रिंकू पांडेय हाल ही में रविकांत सिंह को गोली मारने और उसके घर पर दोबारा फायरिंग करने के मामले में वांछित है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, अवैध हथियार और शराब तस्करी सहित 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस पहले ही उसके घर पर इश्तेहार चस्पा कर चुकी है.वहीं मैरवा थाना क्षेत्र के इमनौली निवासी नौलखा यादव उर्फ नौलखवा पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मामले में फरार चल रहा है। एसपी पुरन कुमार झा ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि इन अपराधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना निकटतम थाना अथवा सीवान जिला पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9031683607 पर उपलब्ध कराई जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सीवान पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. जो भी अपराधी कानून से बचने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ इश्तेहार, कुर्की, इनाम घोषणा और स्पीडी ट्रायल जैसी सभी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अपराध और अपराधियों के प्रति पुलिस की नीति पूरी तरह शून्य सहिष्णुता की है.एसपी ने स्पष्ट कहा कि जिले में कानून का राज स्थापित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।