हाथियों के झुंड का तांडव, पांच क्विंटल धान कर गए चट
खूंटी, खूंटी जिले के ग्रामीण इलाकों में हाथियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन जंगली हाथी जान माल को क्षति पहुंचा रहे हैं। इसी कड़ी में हाथियों के झुंड ने
कर्रा प्रखंड क्षेत्र के चिद्दी गांव के कोन्हप्पा टोले में शनिवार तड़के किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। हाथियों के झुंड ने सड़क किनारे रखे धान के ढेर को निशाना बनाते हुए करीब पांच क्विंटल धान खा लिया और उसे बर्बाद कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार किसान लक्ष्मण उरांव का धान सड़क किनारे रखा हुआ था। शनिवार तड़के करीब तीन बजे गांव के कुत्ते लगातार भौंकने लगे, जिससे ग्रामीणों को हाथियों के गांव में प्रवेश करने की आशंका हुई। हालांकि हाथियों के भय से कोई भी ग्रामीण घर से बाहर निकलने का साहस नहीं कर सका।
सुबह जब ग्रामीण घरों से बाहर निकले तो देखा कि सड़क किनारे रखा धान पूरी तरह तहस-नहस हो चुका है। किसानों के अनुसार हाथियों ने करीब पांच क्विंटल धान खा लिया, जिससे उन्हें आर्थिक क्षति हुई है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही से जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने गांवों में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने, हाथियों की गतिविधियों की समय पर सूचना उपलब्ध कराने तथा आबादी वाले क्षेत्रों से हाथियों को दूर रखने के लिए टॉर्च, पटाखा और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित किसान को मुआवजा देने और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी अभियान चलाने की मांग की है।














