सहरसा, देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को शहर में बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव पूरे श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मारवाड़ी समाज एवं श्याम भक्तों की ओर से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

शहर के बड़ी दुर्गा स्थान मंदिर परिसर स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में बाबा का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। छप्पन भोग अर्पित कर भक्तों ने सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। सुबह से ही बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।

भक्त राजेश यादुका ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी को भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी पावन तिथि को श्याम भक्त बाबा श्याम (बर्बरीक) के प्राकट्य दिवस के रूप में भी मनाते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से प्रत्येक माह शुक्ल पक्ष की एकादशी को भी बाबा का जन्मोत्सव मनाने की परंपरा निभाई जा रही है।

जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शुक्रवार की सुबह श्री भीमसेरिया स्मृति भवन से भव्य निशान यात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों की संख्या में श्याम भक्त हाथों में बाबा का निशान लेकर शामिल हुए। निशान यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए श्री श्याम मंदिर पहुंची। यात्रा में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों की धुन और 'हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा' तथा 'जय श्री श्याम' के जयकारों से पूरा शहर श्याममय हो उठा।

यात्रा में बाबा का मनमोहक एवं आकर्षक दरबार भी सजाया गया था। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर निशान यात्रा का स्वागत किया। बाबा के भजनों पर भक्त झूमते-गाते और नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे। मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धाभाव से बाबा श्याम को निशान अर्पित किया। इसके बाद फूलों की होली खेली गई। रंग-बिरंगे फूलों की वर्षा और भक्ति के जयघोष से मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह उत्सवमय हो गया।

संध्या में बहेगी भजनों की अमृतधारा

जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार की संध्या सात बजे से श्री श्याम मंदिर में भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसमें बाहर से पहुंचे प्रसिद्ध भजन गायक रवि अग्रवाल अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। उनके भजनों के माध्यम से बाबा श्याम की महिमा का गुणगान किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य यजमान श्री मंटू भीमसेरिया होंगे।

निशान यात्रा में श्रवण खेतान, विपुल दहलान, आनंद भीमसेरिया, आयुष भीमसेरिया, राज अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, संजय मस्करा, रमेश भीमसेरिया, गोपाल दहलान, अंकित भीमसेरिया, आशीष गुप्ता, राजेश परसुरामपुरिया सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त शामिल हुए। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकजुटता की सुंदर झलक देखने को मिली।

झारखंड की ताज़ा खबरें