राजगीर में 37वीं क्षेत्रीय ताइक्वांडो एवं मुक्केबाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ, 300 खिलाड़ी हुए शामिल
नालंदा,
बिहारशरीफ राजगीर स्थित तपस्वी जगजीवन सरस्वती विद्या
मंदिर हसनपुर में रविवार को भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध
समिति, बिहार के तत्वावधान में 37वीं क्षेत्रीय ताइक्वांडो एवं मुक्केबाजी
प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में लगभग
300 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार खेल
विश्वविद्यालय, राजगीर के कुलपति शिशिर सिन्हा, कुलसचिव रजनी कान्त, विद्या
भारती बिहार के सह मंत्री प्रो. डॉ. राणा पुरुषोत्तम कुमार सिंह तथा
क्षेत्रीय खेलकूद प्रमुख फणीश्वर नाथ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर
किया।
विद्यालय के प्राचार्य अनंत कुमार सिन्हा ने अतिथियों का
स्वागत किया।इस संबंध में फणीश्वर नाथ ने बताया कि वर्ष 2009 से विद्या
भारती को एसजीएफआई में भागीदारी की मान्यता प्राप्त है और संगठन के खिलाड़ी
राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे
हैं।
एसजीएफआई प्रतियोगिताओं में विद्या भारती देशभर में पांचवें
स्थान पर है। मुख्य अतिथि शिशिर सिन्हा ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक
विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। रजनी कान्त ने खेलों को अनुशासन, नेतृत्व
क्षमता और टीम भावना विकसित करने वाला बताया तथा खिलाड़ियों को बिहार खेल
विश्वविद्यालय भ्रमण का आमंत्रण दिया है।
वहीं प्रो. डॉ. राणा
पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने भारतीय शिक्षा की पंचकोशीय परंपरा का उल्लेख करते
हुए खिलाड़ियों से अनुशासन, राष्ट्रसेवा और उत्कृष्ट प्रदर्शन का आह्वान
किया। उद्घाटन समारोह के बाद प्रतियोगिता उत्साहपूर्ण वातावरण में शुरू
हुई।














