ब्रिक्स सम्मेलन की वजह से जीएसटी परिषद की बैठक अब 7 अक्टूबर को होगी
नई
दिल्ली, माल एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद की 12 सितंबर
को होने वाली 57वीं बैठक अब नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण
स्थगित कर दी गई है। यह बैठक अब सात अक्टूबर को होगी।
आधिकारिक
सूत्रों ने रविवार को बताया कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को देखते हुए जीएसटी
परिषद की 57वीं बैठक अब सात अक्टूबर को होगी। इससे पहले पांच और छह अक्टूबर
को अधिकारियों की बैठक होगी। यह बदलाव ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण किया
गया है। पहले जीएसटी परिषद की बैठक 12 सितंबर को होने वाली थी, जो अब 7
अक्टूबर को होगी।
भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में वार्षिक
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। सम्मेलन में पश्चिम एशिया संकट के
आर्थिक प्रभाव सहित कई महत्वपूर्ण वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा होने की
उम्मीद है। ब्रिक्स के देशों में पहले ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण
अफ्रीका शामिल थे। वर्ष 2024 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब
अमीरात (यूएई) और सऊदी अरब इसमें शामिल हुए। इंडोनेशिया 2025 में इसका
सदस्य बना।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता और
राज्यों के वित्त मंत्रियों वाली जीएसटी परिषद की बैठक एक वर्ष से अधिक समय
बाद होगी। इससे पहले परिषद की 56वीं बैठक तीन-चार सितंबर, 2025 को हुई थी।
उस बैठक में केंद्र और राज्यों ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों और
श्रेणियों में बड़े बदलाव किया था।















