समाज को संगठित कर हिंदू धर्म की रक्षा कर रहा विहिप : प्रो आर एन त्रिपाठी
जौनपुर, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का स्थापना दिवस रविवार को
नगर के केरारवीर बाबा मंदिर परिसर में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने
बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मुख्य वक्ता बीएचयू के समाजशास्त्र के
प्रोफेसर डॉ. आरएन सिंह ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद की स्थापना वर्ष 1964
में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर संत समाज के नेतृत्व में हुई थी।
विहिप का प्रमुख उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना, हिंदू धर्म की रक्षा
करना और समाज की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और
आत्मसशक्तीकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में सेवा परियोजनाओं के माध्यम से
संगठन समाज की जड़ों को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।
विहिप के
विवाह मंत्री समर बहादुर सिंह ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और
हिंदू समाज में एकता एवं जागरूकता बढ़ाने के लिए संगठन लगातार प्रयास कर
रहा है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि, श्री अमरनाथ यात्रा,
श्रीरामसेतु, गंगा एवं गौ रक्षा, मठ-मंदिरों से जुड़े मुद्दों तथा
धर्मांतरण और घुसपैठ जैसे विषयों पर विहिप लगातार आवाज उठाती रही
है।उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म के विभिन्न संप्रदायों के धर्माचार्यों को
एक मंच पर लाना विहिप की प्रमुख उपलब्धियों में से एक है।
कार्यक्रम
का संचालन विभाग समरसता प्रमुख कमलापति तिवारी ने किया। अध्यक्षता
जिलाध्यक्ष विमल सिंह ने की। इस अवसर पर प्रांत नैतिक शिक्षा प्रमुख उदयराज
सिंह, बजरंग दल जिला केंद्र प्रमुख आशुतोष सिंह, जिला संयोजक गणेश
मोदनवाल, शिवम अग्रहरी, कुबेर कुशवाहा, विशाल मोदनवाल, जय नारायण सिंह,
आशीष मिश्रा, ज्ञान प्रकाश सिंह, डॉ. तेज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत
प्रजापति, डॉ. अमरनाथ पांडेय, उर्वशी सिंह, अंजना सिंह, सुधीर साहू, बृजेश
सिंह , दीपक श्रीवास्तव,नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रामसूरत मौर्य सहित
अन्य लोग मौजूद रहे। जिला मंत्री सुनील मौर्य ने सभी आगंतुकों के प्रति
आभार जताया।














