सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
किशनगंज, सोशल मीडिया पर ठाकुरगंज के जदयू विधायक गोपाल कुमार
अग्रवाल के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में किशनगंज पुलिस ने एक
आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की गिरफ्तारी ठाकुरगंज थाना कांड
संख्या 231/26, दिनांक 28 जुलाई 2026 के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार,
मामले में दर्ज बीएनएस की धारा 356, 352, 351(2) तथा आईटी एक्ट की धारा
66(डी) और 67 के तहत कार्रवाई करते हुए मोहम्मद शाहिद उर्फ बबुआ भाई को
गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र
अंतर्गत सनोली का रहने वाला बताया गया है।
शनिवार को पुलिस ने
बताया कि सोशल मीडिया पर विधायक के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र एवं आपत्तिजनक
टिप्पणी किए जाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के क्रम
में आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही
है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस की इस कार्रवाई
को लेकर क्षेत्र में चर्चा है।














