चाईबासा में वार्ड पार्षद की दुकान का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये की चोरी
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी पुलिस
पश्चिमी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने नगर परिषद के वार्ड पार्षद राहुल लाल की दुकान का ताला तोड़कर करीब 50 हजार रुपये मूल्य के सामान और नकदी की चोरी कर ली। घटना बस स्टैंड के समीप स्टेडियम परिसर स्थित रोहित कलेक्शन की है।
रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे वार्ड पार्षद राहुल लाल ने शटर का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाने पर दुकान का सामान बिखरा मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर दुकान में रखे कपड़े, कैश बॉक्स में रखी नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद राहुल लाल ने सदर थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज और अन्य जरूरी साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं। वार्ड पार्षद ने पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र उद्भेदन करने और चोरी में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
इधर, शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।















