धर्मशाला,  पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने पंजाब के दो नशा तस्करों से 154 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।

एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस की सीआईए टीम कंडवाल, लोधवा, भदरोया एवं डमटाल में गश्त एवं नाकाबंदी पर थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दो युवक मोटरसाइकिल पर चिट्टा/हेरोइन लेकर हिलटॉप दुर्गा माता मंदिर, डमटाल के पास किसी व्यक्ति को बेचने की फिराक में खड़े हैं। 


सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी तथा मोटरसाइकिल नंबर जेके08एल-4514 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया 154 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पारस (25 वर्ष) पुत्र कुलविंदर सिंह, निवासी गीता भवन, मोहल्ला इस्लामाबाद, जिला गुरदासपुर, पंजाब तथा विजय कुमार (28 वर्ष) पुत्र शिंगारा राम, निवासी गांव वाहमणी, डाकघर बहरामपुर, जिला गुरदासपुर, पंजाब शामिल हैं।

एसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चैन तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए गहन जांच की जा रही है। नूरपुर पुलिस समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।