10 हजार का इनामी रिंकू पांडेय पुलिस के रडार पर, घर पर चस्पा हुआ इश्तेहार,25 आपराधिक मामलों का है लंबा इतिहास : एसपी
सीवान, सीवान। असांव थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के चर्चित मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी रत्नेश कुमार पाण्डेय उर्फ रिंकू पाण्डेय के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को महादेवा थाने के उसके घर पर विधिवत इश्तेहार चस्पा किया गया। पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी तक कार्रवाई जारी रहेगी और उसे जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि 27 मार्च 2026 को असांव थाना क्षेत्र में रविकांत सिंह को अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
एसपी ने कहा कि रिंकू पांडेय कोई सामान्य अपराधी नहीं है, बल्कि उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, रंगदारी, अवैध हथियार, शराब तस्करी और संगठित अपराध समेत 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास कई थानों और यहां तक कि उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है।
पुरन कुमार झा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि आरोपी के संबंध में कोई भी सूचना सिवान जिला पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
एसपी ने कहा कि सिवान पुलिस जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। जो अपराधी कानून से बचने के लिए फरार हैं, उनके खिलाफ इश्तेहार, कुर्की और स्पीडी ट्रायल जैसी सभी कानूनी प्रक्रियाओं का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के मुताबिक कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, रिंकू पांडेय के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी, लूट, शराब तस्करी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कुल 25 मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। ऐसे में उसकी गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता बनी हुई है।















