सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद ब्लैकमेल कर हड़पे थे जेवर, दो आरोपित गिरफ्तार
अशोकनगर, मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले की देहात थाना पुलिस ने
सोशल मीडिया पर दोस्ती कर महिला को कथित रूप से ब्लैकमेल कर लाखों रुपये के
सोने के आभूषण हड़पने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को
गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 3.40 लाख रुपये
मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई
को एक महिला ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि कुछ समय
पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान एक युवक से हुई थी। परिचय बढ़ने
के दौरान दोनों की कुछ निजी तस्वीरें ली गईं। बाद में आरोपित ने उन
तस्वीरों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने तथा विरोध करने पर जान से मारने
की धमकी देकर कथित रूप से ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि
लोकलाज के भय से उसने आरोपित को कई बार सोने के आभूषण दे दिए।
शिकायत
के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा के निर्देशन में
विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गुना जिले के
धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम मुरादपुर निवासी 25 वर्षीय महेश यादव को
हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने कथित रूप से महिला को ब्लैकमेल
कर आभूषण लेने की बात स्वीकार की तथा अपने साथी गुना जिले के बमौरी थाना
क्षेत्र के ग्राम अमरौदा निवासी 33 वर्षीय हमीरा यादव की संलिप्तता की
जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपित को भी गिरफ्तार कर
लिया। पुलिस के अनुसार, महेश यादव के कब्जे से एक जोड़ी सोने की झुमकी और
एक सोने की नथनी, जबकि हमीरा यादव के कब्जे से एक जोड़ी सोने की झुमकी और
एक जोड़ी सोने के बाले बरामद किए गए। बरामद आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत
3.40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय
में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
मामले की विवेचना जारी है।










