मघरी में युवक की संदिग्ध हत्या से सनसनी, सड़क किनारे मिला शव
सीवान, सीवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड के मघरी गांव में
शनिवार की रात 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में
सनसनी फैल गई। मघरी बाजार के पास एनएच-331 किनारे सड़क के समीप युवक का शव
मिलने के बाद परिजन ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक मघरी गांव निवासी रामजीत महतो के 24 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार है।
घटनास्थल
से पुलिस ने मृतक का एक चप्पल के अलावा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का चप्पल
भी बरामद किया है। इन साक्ष्यों को महत्वपूर्ण मानते हुए पुलिस मामले की
जांच में जुटी है।
प्रदीप तीन भाइयों में मंझला था। उसकी तीन बहनें
हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। करीब चार वर्ष पहले उसकी मां सुगांति
देवी का निधन हो गया था। प्रदीप अविवाहित था और सूरत की एक साड़ी फैक्ट्री
में काम करता था। वह कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते
ही परिवार में कोहराम मच गया। महाराजगंज एसडीपीओ अमन ने बताया कि मघरी
बाजार के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में बरामद हुआ है। शव को रात
में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की हर पहलू से जांच की जा
रही है।
इधर, परिजन ने इसे हत्या बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।














