रोमांच और डर के सफर पर निकलेंगे अहान शेट्टी
अभिनेता
अहान शेट्टी जल्द ही पहली बार हॉरर फिल्म में नजर आ सकते हैं। खबर है कि
उन्होंने निर्देशक विक्रम भट्ट की आगामी फिल्म '1920: कोल्ड विंटर' के लिए
हामी भर दी है। यह लोकप्रिय '1920' हॉरर फ्रेंचाइजी की छठी फिल्म होगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की स्क्रिप्ट पर फिलहाल काम चल रहा है और इसकी
आधिकारिक घोषणा जल्द की जा सकती है।
बताया जा रहा है कि
रोमांटिक-एक्शन फिल्म 'तड़प' से अभिनय करियर की शुरुआत करने वाले अहान अब
अलग-अलग शैलियों की फिल्मों में काम करना चाहते हैं। ऐसे में अलौकिक और
हॉरर विषय पर आधारित यह फिल्म उनके लिए एक नया अनुभव होगी। वहीं, निर्माता
आनंद पंडित और निर्देशक विक्रम भट्ट फिल्म की मुख्य अभिनेत्री की तलाश में
हैं और किसी चर्चित अभिनेत्री को कास्ट करने की योजना बना रहे हैं।
रिपोर्ट
के अनुसार, यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो '1920: कोल्ड विंटर' की
शूटिंग इसी साल नवंबर में शुरू हो सकती है। शूटिंग शुरू होने से पहले
विक्रम भट्ट और उनकी टीम लोकेशन फाइनल करने के लिए स्कॉटलैंड जाएगी। वहीं
फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग मध्य प्रदेश और शिमला में भी किए जाने की
संभावना जताई जा रही है।















