14वीं जेपीएससी में धांधली मामला : सीआईडी ने अभय तिवारी और श्वेता गुप्ता सहित पांच को किया गिरफ्तार
रांची, झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं सिविल सेवा
परीक्षा में कथित गड़बड़ी और धांधली से जुड़े मामले में सीआईडी ने बड़ी
कार्रवाई की है। सीआईडी ने मामले में उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता
गुप्ता, टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड रामवीर सिंह, मो उस्मान,
मो एबाद और अभय कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है।
सीआईडी से मिली
जानकारी के अनुसार झारखंड सरकार से प्राप्त आदेश के आलोक में झारखंड लोक
सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में
कथित अनियमितताओं के संबंध में प्राप्त आवेदनों एवं आरोपों के आधार पर
अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी), झारखंड की ओर से जांच की गई। रांची पुलिस
के सहयोग से अपराध अनुसंधान विभाग ने जेपीएससी कार्यालय एवं राज्य के
विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर साक्ष्य संकलन किया गया।
उपलब्ध
साक्ष्यों के आधार पर सीआईडी थाना कांड संख्या( 16/2026), बुधवार को
विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया। कांड का अनुसंधान प्रगति पर है और
अनुसंधान के दौरान प्राप्त होने वाले साक्ष्यों के आधार पर विधि-सम्मत आगे
की कार्रवाई की जायेगी।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों से सीआईडी की
टीम पूछताछ कर रही है। सीआईडी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में
कथित गड़बड़ी किस स्तर पर हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले में
आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
जेपीएससी संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य परीक्षा 2025 सहित अन्य परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित
जेपीएससी
ने संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य परीक्षा 2025 को स्थगित कर दिया है. साथ ही
निकट भविष्य में होने वाली सभी प्रस्तावित परीक्षाओं को भी अगले आदेश तक
टाल दिया है। इससे संबंधित जारी आदेश में कहा गया है कि विज्ञापन संख्या
01/2026 के तहत आयोजित होने वाली इस मुख्य परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से
स्थगित करने का निर्णय लिया है।
जेपीएससी ने यह भी स्पष्ट किया है
कि आयोग की वेबसाइट पर एग्जामिनेशन कैलेंडर-2026 के अंतर्गत 9 जुलाई 2026
को जारी तय परीक्षा कार्यक्रम में शामिल शेष सभी परीक्षाओं का कार्यक्रम भी
अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।














