रांची में बेकाबू हुआ सियासी बवाल ! बैरेकेडिंग तोड़कर BJP-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग
रांची में बेकाबू हुआ सियासी बवाल! बैरिकेडिंग तोड़कर BJP-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग रांची: झारखंड की राजधानी रांची गुरुवार को उस समय सियासी अखाड़े में तब्दील हो गई, जब हरमू रोड पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों दलों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान माहौल इतना गर्म हो गया कि कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी, धक्का-मुक्की और अंडे-टमाटर फेंके जाने की घटनाएं सामने आईं। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने पहले कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी तो हल्का बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को अलग किया गया। पुलिस ने अतिरिक्त जवानों को मौके पर बुलाकर सुरक्षा घेरा मजबूत किया और हरमू रोड पर यातायात को कुछ समय के लिए नियंत्रित करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों दलों के समर्थक एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारे लगा रहे थे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को पीछे धकेला और स्थिति पर काबू पाया। घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने को कहा। प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। कानून-व्यवस्था भंग करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस राजनीतिक टकराव के बाद राजधानी का सियासी माहौल और गर्म हो गया है। दोनों दलों के नेताओं ने एक-दूसरे पर तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी को भी शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।














