रांची (RANCHI): रांची में नीट और जेपीएससी में कथित गड़बड़ियों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी तनातनी अब सड़क पर पहुंच गई है। बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया था। इसके जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ता नीट पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को भाजपा कार्यालय घेराव करने पहुंचे और पुलिस की ओर से लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़ दिया।


दो मीडियाकर्मी भी घायल

इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया। दोनों तरफ से पत्थर, टमाटर, अंडे और पानी की बोतलें फेंकी गईं। धक्का-मुक्की के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने की भी बात सामने आई है। इस दौरान घटना की कवरेज कर रहे दो मीडियाकर्मियों के घायल होने की भी खबर है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग 

हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भाजपा कार्यालय के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता एक बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। इससे पहले बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में निकाले गए मार्च को पुलिस ने सुभाष चौक के पास रोक दिया था। इसके बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता काफी देर तक आमने-सामने रहे।

'राहुल गांधी चोर है' और 'झारखंड सरकार युवाओं को न्याय दे' जैसे नारे से गुंजा माहौल

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता 'राहुल गांधी चोर है' और 'झारखंड सरकार युवाओं को न्याय दे' जैसे नारे लगाते रहे तो वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 'वोट चोर गद्दी छोड़ो', 'चंदा चोर गद्दी छोड़ो' और 'नीट पेपर लीक के आरोपी मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' जैसे नारे लगाए।

हरमू रोड पर काफी देर तक बना रहा तनाव का माहौल


भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हुए इस टकराव के बाद हरमू रोड पर काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।