हेवी लाइसेंस और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाएं, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: DC-DTO को सीएम हेमंत सोरेन की दो टूक

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में परिवहन सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से जिला उपायुक्तों (DC) और जिला परिवहन पदाधिकारियों (DTO) को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हेवी मोटर वाहन (HMV) ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष पहल की जाए। 

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पलामू, सरायकेला-खरसावां और धनबाद के उपायुक्तों से सीधे संवाद कर जिलों में ड्राइविंग लाइसेंस, प्रशिक्षण केंद्रों की स्थिति, लंबित मामलों और महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों को लाइसेंस बनवाने में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योगों, खनन और परिवहन क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए प्रशिक्षित हेवी वाहन चालकों की उपलब्धता बढ़ाना समय की मांग है। इसके लिए प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार किया जाए और युवाओं को अधिक से अधिक हेवी लाइसेंस प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए महिलाओं को व्यावसायिक ड्राइविंग और परिवहन क्षेत्र से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। प्रशिक्षण, जागरूकता और लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाकर अधिकाधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। 

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को निर्देश दिया कि परिवहन विभाग की योजनाओं और सेवाओं की नियमित निगरानी करें तथा समयबद्ध लक्ष्य तय कर उनका पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों को प्रोत्साहित किया जाएगा।