जबलपुरः गुरु पूर्णिमा पर भक्ति और श्रद्धा का संगम, सदगुरू ऋतेश्वर महाराज के सानिध्य में महा महोत्सव आयोजित
जबलपुर, मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर
पर सोमवार शाम को आनंदम् धाम की ओर से मानस भवन में परमपूज्य सदगुरू
ऋतेश्वर महाराज के दिव्य सानिध्य में गुरु पूर्णिमा महा महोत्सव का आयोजन
किया गया। कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न
हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में संतजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
गुरु
पूर्णिमा महा महोत्सव का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। संतों एवं
श्रद्धालुओं ने परमपूज्य सदगुरू ऋतेश्वर महाराज का पुष्पवर्षा एवं अभिनंदन
कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर
प्रकाश डालते हुए आध्यात्मिक जीवन में गुरु की भूमिका को रेखांकित किया
गया।
कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी कार्यक्रम में
शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि परमपूज्य सदगुरू ऋतेश्वर
महाराज का जबलपुर आगमन समूची संस्कारधानी के लिए सौभाग्य और पुण्य का अवसर
है। उन्होंने कहा कि जब भी संतों का सानिध्य मिलता है, समाज में सकारात्मक
ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है, लेकिन पूज्य ऋतेश्वर महाराज
जैसे संत का आगमन विशेष महत्व रखता है।
उन्होंने कहा कि सदगुरू
ऋतेश्वर महाराज के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश भी डाला। साथ ही कहा कि
संतों के आशीर्वाद से ही मानव के पापकर्मों का क्षय होता है और जीवन में
आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।
समारोह में महापौर जगत
बहादुर सिंह 'अन्नू', विधायक सुशील तिवारी इंदु, डॉ. अभिलाष पांडे, नगर
निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन तथा
प्रदेश दिव्यांग प्रकोष्ठ अध्यक्ष संदीप रजक, आयोजक समिति के सदस्य व
गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।














