स्कूल बस और हाईवा की टक्कर में दर्जनों बच्चे घायल
बोकारो, चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के इंद्रचुआं के समीप गुरुवार
को बीआरएल डीएवी स्कूल भंडारीदह की बस और एक हाईवा के बीच हुई जोरदार टक्कर
में दर्जन भर बच्चे घायल हो गए।
घटना दोपहर की है, जब स्कूल बस
बच्चों को लेकर चंद्रपुरा की ओर आ रही थी। इसी दौरान तीखे मोड़ पर सामने से
आ रही हाईवा से बस की टक्कर हो गई।
टक्कर से बस के दाहिने हिस्से
में बैठे कई बच्चे इसकी चपेट में आ गए। घायलों में कक्षा छह के विद्यार्थी
सहित कई बच्चे शामिल हैं। यक्षित नामक छात्र को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे
प्राथमिक उपचार के बाद बीजीएच, बोकारो रेफर किया गया। अन्य घायलों में
कुणाल, शिवम, ओम, नतिक और सिद्धार्थ सहित कई बच्चे शामिल हैं।
घटना
के बाद सभी घायलों को तत्काल चंद्रपुरा डीवीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां
प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर रूप से घायल बच्चों को बोकारो रेफर किया
गया। बताया जा रहा है कि बस में सवार अधिकतर बच्चे तेलो क्षेत्र के थे और
बस की रफ्तार तेज होने की बात भी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते
ही बेरमो एसडीओ मुकेश कुमार मछुआ, चंद्रपुरा बीडीओ ईश्वर दयाल महतो और थाना
प्रभारी अजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घायलों
के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई। एसडीओ ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि
सभी बच्चों का समुचित इलाज कराया जा रहा है और तेज रफ्तार वाहनों पर
नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इधर, वहीं घटना की जानकारी
मिलते ही उपायुक्त अजय नाथ झा प्रेस कॉन्फ्रेंस के तुरंत बाद बीजीएच,
बोकारो पहुंचे और घायल बच्चों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने
वार्ड में जाकर एक-एक बच्चे से बातचीत की, उनका हौसला बढ़ाया और शीघ्र
स्वस्थ होने की कामना की।
उपायुक्त ने परिजनों से भी मुलाकात कर हर
संभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही अस्पताल के चिकित्सकों को निर्देश दिया
कि घायलों को उच्च गुणवत्ता का उपचार उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार
की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाज के लिए सभी आवश्यक
संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे और जिला प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
निरीक्षण
के दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार भी मौजूद थीं। अधिकारियों ने
अन्य मरीजों से भी मुलाकात कर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर फीडबैक लिया।














