रजरप्पा में जेसीबी चलाकर हटाई जा रही दुकानें
रामगढ़, झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश के पालन करते हुए
प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर में गुरुवार
को अतिक्रमण हटाने की व्यापक कार्रवाई शुरू की गई। जिला प्रशासन की ओर से
चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 254 से अधिक अतिक्रमण कर बनाई गई दुकानों को
हटाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए
दंडाधिकारी की तैनाती की गई। वहीं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को भी
लगाया गया है। अतिक्रमण हटाने के लिए कई जेसीबी मशीनों का उपयोग किया जा
रहा है। उक्त कार्रवाई उच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देश के आलोक में की जा
रही है, जिसमें अतिक्रमण हटाने के साथ प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास की
व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी उल्लेख है।
अभियान शुरू होने से
पूर्व ही बड़ी संख्या में दुकानदारों ने प्रशासन का सहयोग करते हुए अपनी
दुकानों को स्वयं खाली कर दिया। जहां पूर्व में संचालित दुकानों के स्थान
पर लोग अपने सामान को हटाते दिखे। कई दुकानदारों ने रातभर अपने सामान को
सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया।
अभियान के कारण लंबे समय से
व्यवसाय कर रहे सैकड़ों दुकानदारों के समक्ष आजीविका का संकट उत्पन्न हो
गया है। प्रभावित लोगों ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से
यही उनका मुख्य आय का स्रोत रहा है और बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाया
जाना कठिन परिस्थिति उत्पन्न कर रहा है।
अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग
कुमार तिवारी ने बताया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की
जा रही है। इसका उद्देश्य रजरप्पा मंदिर परिसर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और
सुगम बनाना है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन पूरी कार्रवाई को शांतिपूर्ण और
व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।














