राजस्व वसूली पर बड़े बकायेदारों को नोटिस जारी करेगा नगर निगम
रांची, नगर निगम की राजस्व वसूली में तेजी लाने और कर संग्रहण बढ़ाने को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने गुरूवार को राजस्व शाखा की समीक्षात्मक बैठक की।
इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को राजस्व् वसूली को लेकर बड़े बकायेदारों को नोटिस जारी करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई इस राजस्व शाखा की बैठक में होल्डिंग टैक्स, वाटर यूजर चार्ज और सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज की वसूली की समीक्षा की गई।
मौके पर सुशांत गौरव ने राजस्व संग्रहण बढ़ाने के लिए प्रत्येक सप्ताह तीन दिन शिविर लगाने और करदाताओं को इसकी पूर्व सूचना देने की बातें कही। नगर आयुक्त ने बड़े बकायेदारों को चिह्नित कर नोटिस जारी करने और लंबित राशि की वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्हो होटल, बैंक्वेट हॉल और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज वसूलने और भुगतान नहीं करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की भी बात कही गई।
इस दौरान नगर आयुक्त ने शहरवासियों को होल्डिंग टैक्स का ऑनलाइन भुगतान करने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया। इसके लिए निगम की आधिकारिक वेबसाइट और चैटबॉट के माध्यम से भुगतान की सुविधा का प्रचार करने को कहा गया।
बैठक में सरकारी भवनों एवं परिसरों का होल्डिंग टैक्स निर्धारित करने पर जोर दिया गया। जिन भवनों का अब तक कर निर्धारण नहीं हुआ है, उनकी मापी कराकर डिमांड सृजित करने और नियमानुसार नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त निकेश कुमार, नगर प्रबंधक, कर संग्रहकर्ता और राजस्व शाखा के अन्य कर्मी मौजूद थे।















