कानपुर को बेहतर सड़क संपर्क और नई परियोजनाओं की जरूरत : रमेश अवस्थी
कानपुर, कानपुर को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने और प्रमुख सड़क
परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने से शहर के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
यह बातें गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग
मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के दौरान कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने
कहीं।
कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी
से मुलाकात कर शहर और आसपास के क्षेत्रों की सड़क एवं आधारभूत ढांचा
परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे से कानपुर
को जोड़ने, रामादेवी चौराहे से गोल चौराहे तक प्रस्तावित एलिवेटेड फ्लाईओवर
का जल्द शिलान्यास कराने तथा कानपुर से कबरई तक प्रस्तावित ग्रीन फील्ड
एक्सप्रेसवे के निर्माण को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया।
सांसद
ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे से सीधी कनेक्टिविटी मिलने पर कानपुर के
औद्योगिक और व्यावसायिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही निवेश और रोजगार के
नए अवसर सृजित होंगे तथा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आवागमन अधिक सुगम
हो सकेगा।
उन्होंने रामादेवी से गोल चौराहे तक प्रस्तावित एलिवेटेड
फ्लाईओवर को शहर की यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि
इसके निर्माण से जाम की समस्या कम होगी और लोगों के समय व ईंधन की बचत
होगी। इसके अलावा कानपुर-कबरई ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे को बुंदेलखंड और
कानपुर के बीच आर्थिक एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला
महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बताया।
मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री
नितिन गडकरी ने सांसद द्वारा उठाए गए प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते
हुए आश्वासन दिया कि कानपुर से जुड़ी आधारभूत ढांचा परियोजनाओं पर आवश्यक
कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनहित की सड़क परियोजनाओं
को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।















