दुर्ग/रायपुर,  पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई (70) की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। उन्हें न्यूरो सर्जरी वार्ड के आईसीयू में रखा गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

तीजन बाई को गुरुवार दोपहर तबीयत बिगड़ने के बाद उनके गृहग्राम गनियारी से एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें सांस लेने में गंभीर समस्या और अत्यधिक शारीरिक कमजोरी के कारण भर्ती किया गया है। वे पिछले करीब 20 दिनों से केवल तरल आहार (जूस और फल) ले रही थीं। 


फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उम्र और पुरानी बीमारियों (2024 से लकवा) के कारण उन्हें गहन निगरानी में रखा गया है। मेडिसिन, न्यूरोलॉजी और हृदय रोग विशेषज्ञों की एक संयुक्त टीम उनके स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी कर रही है।

अस्पताल प्रशासन ने उनके समर्थकों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है और मेडिकल बुलेटिन के माध्यम से अपडेट देने की बात कही है।

बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान उनके परिजनों से तीजन बाई के स्वास्थ्य को लेकर चर्चा की गई थी। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

छत्तीसगढ़ की लोककला पंडवानी को देश-विदेश में पहचान दिलाने वाली तीजन बाई कपालिक शैली की प्रमुख कलाकार हैं और अब तक करीब 17 देशों में अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं।