श्री हरि प्रबोधिनी एकादशी पर लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में लगाई आस्था की डुबकी,किया दानपुण्य
चार माह के योग निद्रा से जागे श्री हरि,काशी पुराधिपति की नगरी श्री हरि की आराधना में लीन,मांगलिक कार्य शुरू
वाराणसी, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी देव उठनी (हरि प्रबोधिनी ) एकादशी पर शुक्रवार को लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा नदी में हर—हर गंगे का उद्घोष कर आस्था की डुबकी लगाई। और दान पुण्य के बाद श्री हरि की आराधना कर गंगाघाटों पर ही भगवान शालिग्राम-तुलसी जी का पूरे श्रद्धा के साथ विवाह रचाया। देवउठनी एकादशी पर प्राचीन दशाश्वमेधघाट,,शीतलाघाट,पंचगंगा,अस्सीघाट,भैसासुरघाट,सामनेघाट,अस्सीघाट पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालु भोर से ही पहुंचने लगे। घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जल पुलिस, एनडीआरएफ अलर्ट है। वहीं, पुलिस भी मुस्तैद है। स्नानार्थियों को गहरे पानी में न जाने के लिए आगाह किया जा रहा है।
गौरतलब है कि हरि प्रबोधिनी एकादशी से चराचर जगत के पालनहार श्री हरि भगवान विष्णु भी मान्यता है कि चार मास की योग निद्रा से जाग जाते है। श्री हरि के योग निद्रा से जागने के साथ ही मांगलिक कार्य भी शुरू हो जायेगा। देवउठनी एकादशी पर शहर के प्रमुख चौराहों, मोहल्लों में लगे गन्ने की अस्थाई दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीददारी की।
पंचगंगा घाट पर श्रीमठ में तुलसी विवाह शाम को
पंचगंगा घाट स्थित श्रीमठ में शुक्रवार शाम तुलसी विवाह पूरे धूमधाम से होगा। मठ से जुड़े संतों के अनुसार शाम को गोधूलि वेला में गणेश घाट से श्रीमठ तक गाजेबाजे के साथ भगवान शालिग्राम की बरात निकाली जाएगी। मठ में रामानंदाचार्य स्वामी रामनरेशाचार्य के सानिध्य में द्वारपूजा होगी। पूजन-अर्चन के साथ ही विधिवत शालिग्राम-तुलसी विवाह होगा। तुलसीघाट पर भी श्री संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र के सानिध्य में तुलसी विवाह होगा। सनातनी शास्त्रों में वर्णित है कि कार्तिक मास में एकादशी तिथि पर तुलसी विवाह का विशेष महत्व है। तुलसी का विवाह भगवान के शालीग्राम अवतार के साथ होता है। माना जाता है कि तुलसी विवाह करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है और मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की कृपा बनी रहती है। लोग घरों के अलावा घाटों पर तुलसी विवाह की परंपरा को निभाते है। घरों में तुलसी के पौधे पर जल अर्पण कर शाम को दीप भी जलाएंगे। दशाश्वमेध घाट के तीर्थ पुरोहित राजू तिवारी ने बताया कि देवोत्थान एकादशी से ही हिन्दू धर्म में विवाह,तिलक सहित अन्य मांगलिक कार्य की शुरूआत होती है। इस दिन गंगा स्नान,दान—पुण्य और भगवान विष्णु की पूजा का विशेष महत्व है। देवोत्थान एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक लगातार पॉच दिन गंगा स्नान का विशेष महत्व है। माना जाता है कि इन पॉच दिनों तक गंगा स्नान से पूरे कार्तिक मास के स्नान के समान पुण्य प्राप्त होता है।















