गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहे कांवड़िए को मारी गोली
हरिद्वार, धर्मनगरी हरिद्वार में गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहे एक कांवड़िए को अज्ञात युवकों ने गोली मार दी। घटना कनखल थाना क्षेत्र में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात हुई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान ग्रेटर नोएडा निवासी अजय के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल नोएडा लौट रहा था। कांवड़ियों का यह दल गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग के समर्थन में 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर यात्रा कर रहा था। दल में करीब दस गौसेवक शामिल बताए गए हैं।
बताया गया कि रविवार देर रात यात्रा के दौरान थकान और अंधेरा होने के कारण कांवड़ियों का दल गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के निकट हाईवे किनारे विश्राम के लिए रुक गया। इसी दौरान हाईवे के ऊपर बने पुल पर कुछ युवक शराब पीते हुए शोर-शराबा और गाली-गलौज कर रहे थे। कांवड़ियों की ओर से विरोध किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि कुछ देर बाद वे युवक पुल से नीचे उतरकर कांवड़ियों के पास पहुंचे और उनमें से एक ने अजय के कंधे के पास गोली चला दी। गोली लगते ही अजय गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। गोली चलने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। हालांकि जल्दबाजी में वे अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़ गए। पुलिस ने मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच हुई इस घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।















