चुनाव 26 : अग्निमित्रा पाल ने गिनाई पिछले पांच साल के कार्यकाल की उपलब्धियां
आसनसोल, आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट की उम्मीदवार अग्निमित्रा
पाल ने गुरुवार को भाजपा पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन
में अपने पांच वर्षों के कार्यकाल का लेखा-जोखा पेश किया। इस दौरान
उन्होंने अपने कामकाज और विकास कार्यों को गिनाते हुए राज्य की सत्तारूढ़
पार्टी पर निशाना साधा।
भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि उन्होंने विपक्ष
में रहते हुए भी आसनसोल दक्षिण में कई ऐसे विकास कार्य किए, जो सत्ताधारी
दल के विधायक नहीं कर सके। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के
विधायक विकास के बजाय विधायक निधि का दुरुपयोग करते हैं, जबकि उन्होंने
अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा
कि जब वह चुनाव प्रचार के लिए जनता के बीच जा रही हैं, तो उन्हें लोगों का
समर्थन साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। उन्हें विश्वास है कि 23 अप्रैल को
मतदान के दिन आसनसोल दक्षिण की जनता एक बार फिर भाजपा के पक्ष में मतदान
करेगी।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि विधायक रहते हुए उन्होंने कभी
धर्म या जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया और हमेशा सभी वर्गों के लोगों के
लिए काम किया। उन्होंने हट्टन रोड पर टोटो चालकों द्वारा सड़क पर वाहन
खड़ा करने से होने वाली यातायात समस्या का मुद्दा उठाया। इस पर मलय घटक
द्वारा आपत्ति जताने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बाद में उन्होंने
मेयर विधान उपाध्याय से मिलकर टोटो के लिए अलग पार्किंग बनाने का प्रस्ताव
दिया था, लेकिन आपसी राजनीतिक विरोध के कारण वह योजना लागू नहीं हो सकी।
उन्होंने
आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में तृणमूल कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी के
कारण न केवल आसनसोल बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल को समस्याओं का सामना करना
पड़ा है। उन्होंने कहा कि नेताओं को जनता की समस्याओं की चिंता नहीं है।
भाजपा
प्रत्याशी ने दामोदर नदी पर पुल निर्माण का मुद्दा भी उठाया और
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से सवाल किया कि विकास की बात करने के बावजूद अब
तक इस दिशा में ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए।
अग्निमित्रा पाल ने कहा
कि भाजपा केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें पूरा भी करती है। उन्होंने
दावा किया कि देश के 21 राज्यों में भाजपा की सरकार है और डबल इंजन सरकार
के कारण वहां तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब
बदलाव चाहती है और राज्य के विकास के लिए भाजपा को सत्ता में लाना जरूरी
है।
उन्होंने आसनसोल दक्षिण की जनता से भाजपा को एक मौका देने की
अपील करते हुए कहा कि अन्य दलों ने केवल वादे किए, जबकि भाजपा अपने वादों
को पूरा करने के लिए जानी जाती है।















