कोलकाता,  लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शनिवार को मनाई जा रही है।

इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से दिए जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से पश्चिम बंगाल के आठ पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया गया है। राज्य और केंद्र के बीच बेहतर समन्वय के बाद इस बार पश्चिम बंगाल सरकार ने भी अधिकारियों के नाम पुरस्कार के लिए भेजे थे। इसके बाद राज्य के आठ पुलिस अधिकारियों को इस सम्मान के लिए चुना गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सम्मानित होने वाले अधिकारियों में सब इंस्पेक्टर मानसचंद्र दत्त, जयंत कुमार चक्रवर्ती, तेनजिंग भूटिया, शंकर दे, चानकु भूटिया, कौशिक बसाक, समीर घोष और इंस्पेक्टर रामगोपाल पाल शामिल हैं। इनमें जयंत कुमार चक्रवर्ती पुरुलिया जिला पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप में प्रभारी अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, मानसचंद्र दत्त बांदोवान थाने में सब इंस्पेक्टर के रूप में नियुक्त हैं।

पुलिस और सुरक्षा बलों के अधिकारी प्रतिदिन आम लोगों की सुरक्षा के लिए काम करते हैं। ड्यूटी के दौरान उन्हें चोरों, लुटेरों और अन्य अपराधियों से निपटने के साथ कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अधिकारियों की सूझबूझ, कार्य के प्रति निष्ठा और विशेष अभियानों में उनके प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार की ओर से यह पदक प्रदान किया जाता है।

इस वर्ष विशेष अभियानों, आतंकवाद विरोधी कार्रवाई और नक्सल विरोधी अभियानों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 358 अधिकारियों को पदक दिया गया है। वहीं, जटिल अपराधों की जांच और उनसे निपटने में दक्षता दिखाने वाले 123 पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया गया है। इसके अलावा, खुफिया विभाग में साहसिक अभियानों और समग्र कार्य प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में कुल 490 पुलिस अधिकारियों को यह सम्मान मिला है।

सूत्रों के अनुसार, इस वर्ष केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 114 अधिकारियों और केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के 56 अधिकारियों को भी पदक प्रदान किया गया है। पंजाब पुलिस, दिल्ली पुलिस और झारखंड पुलिस के अधिकारियों को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है। इसके साथ ही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के 14 अधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 2024 में पहली बार इस पदक की शुरुआत की थी। इस बार जारी पुरस्कार सूची में पश्चिम बंगाल के आठ पुलिस अधिकारियों को जगह मिली है।

झारखंड की ताज़ा खबरें