दक्षिण बंगाल में राहत की बारिश, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी
कोलकाता, पश्चिम बंगाल में आखिरकार लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलनी शुरू हो गई है। पिछले एक सप्ताह से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तेज गर्मी और नमी के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही थी, लेकिन अब मौसम ने करवट ली है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और अनुकूल हवा के कारण दक्षिण बंगाल में बारिश का दौर शुरू हो गया है। गुरुवार शाम हल्की बारिश के बाद शुक्रवार सुबह से कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के अधिकांश इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। आने वाले कुछ दिनों तक यह बारिश जारी रहने की संभावना है।
बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखा। कोलकाता में रात का तापमान 24 घंटे के भीतर करीब पांच डिग्री सेल्सियस गिरकर 29.7 डिग्री से 24.7 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं दिन का अधिकतम तापमान भी 35.5 डिग्री से घटकर 29 डिग्री सेल्सियस हो गया। बीते 24 घंटों में शहर में करीब 52.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
शुक्रवार को मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, विष्णुपुर और बांकुड़ा में झमाझम बारिश के बाद मौसम विभाग ने शनिवार को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में मध्यम बारिश की संभावना जताई है। हुगली, दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा पूर्व बर्दवान में भारी से अति भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
रविवार को भी कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान कोलकाता, हावड़ा, हुगली, नदिया, उत्तर और दक्षिण 24 परगना में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर बंगाल में भी दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।















