बीरभूम ,  पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के नलहाटी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम पुलिस ने एक परित्यक्त (सूने) मकान में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की।

पुलिस ने एक परित्यक्त (सूने) मकान में छापेमारी की, जहां से विस्फोटकों का बड़ा जखीरा मिला। इस बरामदगी के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान मकान से 800 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, 12 हजार 400 जिलेटिन स्टिक, 105 डेटोनेटर और 36 कॉयल डेटोनेटिंग फ्यूज बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपितों ने हाल ही में इस मकान को किराये पर लिया था और यहां बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जमा कर रखी थी।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोटकों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद सामग्री किसी वैध खनन या निर्माण कार्य के लिए लाई गई थी या फिर किसी अवैध गतिविधि के लिए इसका भंडारण किया गया था। मामले में मकान मालिक, किरायेदार और विस्फोटकों की आपूर्ति करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

नलहाटी थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

बड़ी खबर

झारखंड की ताज़ा खबरें