तूफानगंज में दंपती की निर्मम हत्या, अलग-अलग जगहों से मिले शव
कूचबिहार, जिले के तूफानगंज में रविवार को एक बुजुर्ग दंपती की
हत्या से सनसनी फैल गई। दोनों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए। घटना
तूफानगंज-2 ब्लॉक के रामपुर-2 ग्राम पंचायत अंतर्गत दक्षिण रामपुर इलाके
की है। मृतक का नाम सुनील विश्वास (70) है।
मिली जानकारी के अनुसार,
रविवार तड़के सुनील का रक्तरंजित शव उनके घर के शयनकक्ष से बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सिर पर धारदार हथियार से कई
वार कर उनकी हत्या की गई। घटना की सूचना पाकर बॉक्सिरहाट थाने की जोराई
चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इसी बीच सुनील
विश्वास की दूसरी पत्नी जानकी विश्वास के लापता होने की जानकारी सामने आई।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद घर से करीब 20
मीटर दूर एक झाड़ी से जानकी का भी रक्तरंजित शव बरामद हुआ।
एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बताया
गया है कि सुनील विश्वास की पहली पत्नी और उनका बेटा पास के ही एक घर में
रहते हैं। मृतक के बेटे ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें कड़ी
सजा देने की मांग की है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की जांच के साथ-साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।















