कोलकाता ,  चंदननगर की विश्व प्रसिद्ध जगद्धात्री पूजा की भव्य शोभायात्रा के अवसर पर हिंदू जागरण मंच की ओर से एक अनूठी और सराहनीय पहल की गई है। मंच ने इस वर्ष 'मां जगद्धात्री सनातनी सम्मान' की शुरुआत करते हुए शोभायात्रा में शामिल होने वाली उत्कृष्ट पूजा समितियों को पुरस्कृत करने की व्यवस्था की है।

शोभायात्रा के दिन चंदननगर स्थित रथेर सड़क के सामने मंच की ओर से एक विशेष पंडाल और मंच तैयार किया गया था। यहीं से हिंदू जागरण मंच के निर्णायक मंडल ने शोभायात्रा में भाग लेने वाली विभिन्न पूजा समितियों की झांकियों और प्रस्तुतियों का अवलोकन कर विजेताओं का चयन किया। इस सम्मान के तहत श्रेष्ठ प्रतिमा, श्रेष्ठ प्रकाश सज्जा, श्रेष्ठ सनातनी संस्कृति और 'सर्वश्रेष्ठ पूजा समिति' जैसी प्रमुख श्रेणियों में समितियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

सांस्कृतिक सम्मान के साथ-साथ इस मंच से आध्यात्मिक जागरूकता का भी संदेश दिया गया। लोगों को गीता पाठ के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से मंच से करीब एक हजार श्रद्धालुओं और दर्शकों के बीच श्रीमद्भगवद्गीता और हनुमान चालीसा की प्रतियों का वितरण किया गया।

चंदननगर में मनाई जाने वाली भव्य और पारंपरिक जगद्धात्री पूजा के दौरान इस प्रकार का कार्यक्रम अपने आप में बेहद अनूठा और खास माना जा रहा है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने मंच की इस पहल की जमकर सराहना की है।