हुगली,  चाइनीज मांझे का खतरा एक बार फिर सड़क पर देखने को मिला। सोमवार को बैंडेल के शरत सरणी इलाके में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक बाइक सवार का गला कट गया। हालांकि, उसकी जान बाल-बाल बच गई, लेकिन घटना के बाद वह दहशत में है। घायल को इलाज के लिए चुंचुड़ा इमामबाड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार, तालडांगा निवासी और पेशे से पुजारी हराधन आचार्य बाइक से चुंचुड़ा से बैंडेल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जीटी रोड पर शरत सरणी के पास सड़क पर पतंग का मांझा आड़ा पड़ा हुआ था। बाइक चलाते समय उनकी नजर उस पर नहीं पड़ी और मांझा सीधे उनके गले में जा लगा। इससे उनका गला कट गया और खून बहने लगा। घटना को समझते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। पीछे से आ रहे एक स्कूटर चालक ने भी अपनी गाड़ी रोक दी। एक स्थानीय व्यक्ति ने सड़क पर पड़े चाइनीज मांझे को समेटकर हटाया, ताकि उसकी चपेट में आकर कोई अन्य राहगीर दुर्घटना का शिकार न हो।

घायल हराधन आचार्य ने बताया कि वह बैंडेल जा रहे थे। अचानक गले में खिंचाव महसूस हुआ। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि मांझे से इतना गहरा घाव हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मांझा बेहद धारदार था।

वहीं, मौके पर मौजूद स्कूटर चालक ने लोगों की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर लोग कब जागरूक होंगे?

गौरतलब है कि चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से जागरूकता अभियान चलाने के साथ कार्रवाई भी की जाती रही है। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में सवाल है कि आखिर कब लोग इस खतरनाक मांझे के इस्तेमाल से बाज आएंगे?

बड़ी खबर

झारखंड की ताज़ा खबरें