आसनसोल,  मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्रिब्यूनल पर उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैं बहुत खुश हूं, न्यायपालिका पर गर्व है। मां-माटी-मानुष जिंदाबाद। आज मुझसे ज्यादा खुश कोई नहीं है। गुरुवार को मतदाता सूची के विशेष संशोधन प्रक्रिया को लेकर विशेष अधिकार प्रयोग के बाद कूचबिहार के एबीएन शील कॉलेज मैदान से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह प्रतिक्रिया दी।

संविधान के अनुच्छेद 142 का इस्तेमाल करते हुए एसआईआर मामले में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया है। इसमें कहा गया है कि मतदान से दो दिन पहले ट्रिब्यूनल में जिन मतदाताओं का निपटारा होगा, वे चुनाव में हिस्सा ले सकेंगे। सुप्रीम कोर्ट के इस निर्देश के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मीडिया के सामने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी निर्देश दिया है। 

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार पहले चरण के मतदान के लिए 21 अप्रैल को सप्लीमेंट्री सूची जारी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता और कार्यकर्ता रातों-रात वोटर स्लिप तैयार कर घर-घर पहुंचाएं ताकि सभी मतदाता मतदान कर सकें। 29 अप्रैल को अंतिम चरण के मतदान से दो दिन पहले भी सप्लीमेंट्री सूची जारी होगी और उस समय भी यही प्रक्रिया अपनाई जाएगी।