चुनाव 26 : राज्य में उद्योग-धंधों की कमी के कारण बेरोजगारी बढ़ी - लखन घुरुई
आसनसोल, दुर्गापुर में चुनावी माहौल के बीच गुरुवार को एक अलग
तरह का प्रचार देखने को मिला। दुर्गापुर के 12 नंबर वार्ड स्थित अमराई
ग्राम में भाजपा उम्मीदवार लखन चंद्र घुरुई ने लोगों का ध्यान खींचने के
लिए खुद कड़ाही संभाली और आलू चप पकाते नजर आए। इस दौरान मौजूद लोगों की
भीड़ ने इस अनोखे प्रचार को कैमरे में कैद किया।
प्रचार के दौरान
लखन चंद्र घुरुई ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि
राज्य में उद्योग-धंधों की कमी के कारण बेरोजगारी बढ़ी है। उन्होंने
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार लोगों को स्थायी
रोजगार देने में विफल रही है और अब उन्हें आलू चप बेचने की सलाह दी जा रही
है।
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर लोगों के पास आय का स्थायी साधन
नहीं होगा, तो वे खरीदारी कैसे करेंगे। उनके मुताबिक, सिर्फ छोटे-मोटे
व्यवसाय से राज्य की आर्थिक स्थिति नहीं सुधर सकती और यह मॉडल पूरी तरह से
असफल साबित हुआ है।
भाजपा उम्मीदवार ने दावा किया कि जनता अब बदलाव
चाहती है और इस बार तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी
है। चुनावी माहौल में इस तरह के अलग अंदाज वाले प्रचार से राजनीतिक सरगर्मी
और भी तेज होती नजर आ रही है।















