टैब घोटाला मामले में प्रधान शिक्षक और क्लर्क गिरफ्तार
मालदा, राज्य
में सरकार बदलने के बाद टैब कांड की जांच को लेकर सीआईडी ने फिर से
कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार सुबह मालदा के हबीबपुर स्थित केंदपुकुर
हाई स्कूल के प्रधान शिक्षक और क्लर्क को गिरफ्तार किया गया।
सीआईडी
ने स्कूल के प्रधान शिक्षक दुलाल मंडल और क्लर्क राजेश चौधरी को गिरफ्तार
कर मालदा जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को पांच दिनों की सीआईडी
हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है।
दरअसल, नवंबर 2024 में
राज्यभर में उस समय हड़कंप मच गया था, जब स्कूली छात्रों के लिए सरकार की
ओर से दिए जाने वाले टैब की राशि छात्रों के बैंक खातों के बजाय दूसरे
खातों में जाने के मामले सामने आए थे। मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर,
वैष्णवनगर और हबीबपुर सहित कई इलाकों के स्कूलों पर भी टैब की राशि में
कथित अनियमितता के आरोप लगे थे।
मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई
थी। उस समय मालदा और उत्तर दिनाजपुर के इटाहार सहित विभिन्न स्थानों से कई
लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था। हालांकि बाद में जांच की रफ्तार धीमी
पड़ गई।
अब सरकार बदलने के बाद सीआईडी ने मामले की जांच नए सिरे से
शुरू की है। जांच के दौरान हबीबपुर थाना क्षेत्र के केंदपुकुर हाई स्कूल
में 91 छात्रों की टैब की राशि कथित तौर पर दूसरे बैंक खातों में जाने की
बात सामने आई।
इस मामले में तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक
बाणिब्रत साहा ने स्कूल के प्रधान शिक्षक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज
कराई थी। इसके बाद प्रधान शिक्षक की ओर से स्कूल के क्लर्क के खिलाफ भी
शिकायत की गई थी। अब सीआईडी ने दोनों को गिरफ्तार कर मामले की जांच आगे
बढ़ाई है।














