पढ़ाई जारी रखना चाहती है सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता, बाल कल्याण समिति ने मदद का दिया भरोसा
पुरुलिया, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में यात्रा (जात्रा) देखने के दौरान सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई नाबालिग से गुरुवार देर शाम को जिला बाल कल्याण समिति के सदस्यों ने मुलाकात की। पीड़िता अपने माता-पिता के साथ समिति के कार्यालय पहुंची थी। समिति ने उसकी पढ़ाई जारी रखने में हरसंभव सहायता करने का भरोसा दिया है।
समिति के अध्यक्ष दीपंकर सरकार ने बताया कि घटना के बाद नाबालिग और उसके परिवार को इस सदमे से उबरने में कुछ समय लगेगा। समिति की ओर से पीड़िता और उसके परिवार को भरोसा दिया गया है कि इस कठिन परिस्थिति में वे उनके साथ खड़े हैं।
उन्होंने बताया कि नाबालिग अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती है। समिति ने उसे आश्वासन दिया है कि शिक्षा जारी रखने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। फिलहाल पीड़िता के परिवार को इस संघर्ष में सहायता देने के लिए आर्थिक मदद भी उपलब्ध कराई गई है।
उल्लेखनीय है कि गत रविवार को पुरुलिया जिले के काशीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में यात्रा देखने के बहाने नाबालिग को उसका प्रेमी बुलाकर ले गया था। आरोप है कि यात्रा देखने के दौरान बातचीत करने के बहाने वह उसे एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां युवक और उसके साथियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना के संबंध में पुलिस ने अगले दिन सोमवार को आरोपित युवक समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपितों में से चार पुलिस हिरासत में हैं, जबकि दो न्यायिक हिरासत में हैं।















