पश्चिम बर्दवान,  सालानपुर थाना क्षेत्र स्थित ईसीएल की बनजेमारी ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (ओसीपी) की कोयला खदान से एक युवती का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना रविवार सुबह की है। सूचना पाकर सालानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार सुबह खदान के भीतर पत्थरों के बीच एक सड़ा-गला शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। वहां मौजूद लोगों ने युवती के कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान शिवदासपुर निवासी राबन बाउरी की पुत्री पूर्णिमा बाउरी के रूप में की।

मृतका के परिजन रघुनाथ बाउरी ने बताया कि पूर्णिमा मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ थीं। वह अक्सर बिना बताए घर से निकल जाती थीं और कुछ समय बाद वापस लौट आती थीं। पिछले रविवार भी वह घर से निकली थीं, लेकिन इस बार वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार ने सालानपुर थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी और लगातार उनकी तलाश की जा रही थी।

रविवार सुबह खदान से उनका शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को खदान से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। सालानपुर थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।