मुर्शिदाबाद,  जिले के शमशेरगंज थाना अंतर्गत घनश्यामपुर गांव में रविवार रात एक ही परिवार के छह लोगों पर धारदार हथियार से हमले की घटना सामने आई है। सोमवार को भी इलाके में दहशत का माहौल रहा।

बताया जा रहा है कि एक युवती के साथ लगातार छेड़छाड़ की घटना को लेकर परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी के चलते आरोपितों ने रविवार रात पीड़ित युवती के घर पर हमला कर महिला व बच्चों समेत परिवार के छह सदस्यों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घायलों को जंगीपुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायल एक ही परिवार के सदस्य है।

घटना की सूचना पाकर शमशेरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।