पश्चिम बर्दवान, पश्चिम बर्दवान तृणमूल जिलाध्यक्ष नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा तृणमूल के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्या को भेज दिया है। इस्तीफा से पहले उन्होंने विद्रोही गुट के नेता ऋतब्रत बंद्योपाध्याय से मुलाकात की। इस घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और संगठन के भीतर नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने अभिजीत घटक तथा डेविड के साथ विरोधी दल नेता ऋतब्रत बंद्योपाध्याय के साथ मुलाकात की। उसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने कहा कि स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने तृणमूल के जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती को दोबारा पश्चिम बर्दवान जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि उनकी नियुक्ति के बाद पार्टी के भीतर कई स्तर पर असंतोष की आवाजें भी सामने आई थीं और कुछ नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की थी।

उनका यह फैसला मुख्य रूप से शारीरिक अस्वस्थता के कारण लिया गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में स्वास्थ्य उन्हें पहले की तरह सक्रिय राजनीतिक जिम्मेदारियां निभाने की अनुमति नहीं दे रहा है।

इसके साथ ही उन्होंने जिले की वर्तमान राजनीतिक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जिले में 476 लोगों के नाम पर वारंट जारी होने, कई लोगों की गिरफ्तारी और कुछ लोगों के घर छोड़कर जाने जैसी परिस्थितियां बनीं। ऐसे समय में कार्यकर्ताओं और नेताओं को अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।

उन्होंने आरोप लगाया कि कठिन दौर में बहुत कम लोग साथ खड़े दिखाई दिए, जबकि अब कई लोग राजनीतिक समाधान की तलाश में दूसरी जगहों पर सक्रिय हो रहे हैं। उनके मुताबिक ऐसी स्थिति में कार्यकर्ताओं को जवाब देना और संगठन को संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया था।

नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने यह भी दावा किया कि जिलाध्यक्ष पद को लेकर उन्हें कई जानकारियां सोशल मीडिया के माध्यम से मिलीं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उनका वरिष्ठ नेता ऋतब्रत बंद्योपाध्याय के साथ संपर्क बना हुआ है और ट्रेड यूनियन स्तर पर अब भी एकजुटता कायम है। उन्होंने कहा कि आगे भी साथ मिलकर काम करना है। उन्होंने कहा कि वह सौ फीसदी ऋतब्रत बंद्योपाध्याय के साथ हैं।