तृणमूल विधायक मोशर्रफ हुसैन के भाई मोजफ्फर हुसैन गिरफ्तार
उत्तर दिनाजपुर, तृणमूल कांग्रेस के विधायक मोशर्रफ हुसैन के भाई मोजफ्फर हुसैन को इटाहार थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, विधायक मोशर्रफ हुसैन ममता समर्थक तृणमूल नेता हैं और ब्लॉक युवा तृणमूल के अध्यक्ष पद पर भी हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को इटाहार के चेकपोस्ट इलाके स्थित उनके घर से मोजफ्फर को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, उन्हें किस मामले में गिरफ्तार किया गया है, स्पष्ट जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। पुलिस की ओर से भी इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित को रविवार को रायगंज जिला अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस उससे पूछताछ के लिए हिरासत में लेने की मांग करेगी।
इस गिरफ्तारी को लेकर इटाहार की स्थानीय राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। ममता समर्थक तृणमूल के एक वर्ग का आरोप है कि विधायक मोशर्रफ हुसैन पर दबाव बनाने और उन्हें अपना राजनीतिक खेमा बदलने के लिए मजबूर करने के उद्देश्य से उनके भाई को गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले में ममता समर्थक गुट के नेता चोपड़ा के तृणमूल विधायक हमीदुल रहमान का उदाहरण भी दे रहे हैं। उनका दावा है कि हाल ही में हमीदुल रहमान ने ऋतब्रत बनर्जी का खेमा छोड़कर ममता बनर्जी के खेमे में शामिल हुए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस को उनके खिलाफ लंबित मामलों की फाइलें खोलने का निर्देश दिया था।















