पश्चिम बंगाल में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
कोलकाता, पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज बदल गया है। कोलकाता समेत उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गुरुवार को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कई इलाकों में वज्रपात को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, सुबह के समय कई इलाकों में बादल और धूप के बीच मौसम रहा। हालांकि दोपहर के बाद आसमान में बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान हवा की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दक्षिण बंगाल में कोलकाता, हावड़ा, हुगली और उत्तर तथा दक्षिण 24 परगना के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बांकुड़ा, विष्णुपुर, और पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर में भी आसमान में बादल छाए हुए हैं । इन इलाकों में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हवा में आर्द्रता अधिक रहने के कारण उमस भी महसूस हो सकती है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी सहित उप-हिमालयी जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बारिश के दौरान वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। आंधी और बिजली चमकने के समय खुले मैदान, बड़े पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। निचले इलाकों में तेज बारिश के कारण कुछ समय के लिए जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।















