पूर्वी सिंहभूम, भारतीय धातु संस्थान (आईआईएम) जमशेदपुर चैप्टर की ओर से कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 14वीं वार्षिक धातुकर्म और पदार्थ विज्ञान क्विज का आयोजन 25 अगस्त 2026 को किया जाएगा।  शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता दोपहर 2 बजे से बर्मामाइंस स्थित राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला के सभागार में आयोजित होगी।

यह वार्षिक क्विज आईआईएम जमशेदपुर चैप्टर की शैक्षणिक आउटरीच गतिविधियों का हिस्सा है। इसका उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को धातुकर्म एवं पदार्थ विज्ञान की दुनिया से परिचित कराना और इन विषयों के प्रति उनमें रुचि एवं वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करना है।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को धातुओं, मिश्रधातुओं, उन्नत पदार्थों और पदार्थ प्रौद्योगिकी की आधुनिक समाज तथा तकनीकी विकास में भूमिका को समझने का अवसर मिलेगा।