तीन दिवसीय 41वां युवा वैज्ञानिक सम्मेलन आज से भोपाल में
मप्रः तीन दिवसीय 41वां युवा वैज्ञानिक सम्मेलन आज से भोपाल में
भोपाल, मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) द्वारा आज गुरुवार से तीन दिवसीय 41वें मध्य प्रदेश युवा वैज्ञानिक सम्मेलन का आयोजन भोपाल में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश के युवा वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में शोध एवं नवाचार के लिए प्रोत्साहित करना है।
जनसम्पर्क अधिकारी जूही श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में प्रदेश के 300 से अधिक युवा शोधार्थियों द्वारा विज्ञान और प्रौद्योगिकी के 18 विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनका मूल्यांकन 50 से अधिक विषय विशेषज्ञों एवं वैज्ञानिकों द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 41वाँ मध्य प्रदेश युवा वैज्ञानिक सम्मेलन 26 एवं 27 फरवरी को मेपकॉस्ट विज्ञान भवन में आयोजित होगा। इसके विजेताओं का पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर रवीन्द्र भवन भोपाल में किया जाएगा। प्रदेश के युवा वैज्ञानिकों को शोध के क्षेत्र में प्रोत्साहन देने एवं उचित मंच प्रदान करने के लिए मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद प्रतिवर्ष युवा वैज्ञानिक कांग्रेस का आयोजन करती है।















